नई दिल्ली 22 जनवरी 2023 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पराक्रम दिवस 23 जनवरी को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के 21 सबसे बड़े अनाम द्वीपों का नामकरण 21 परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर करने हेतु आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप पर बनने वाले नेताजी को समर्पित राष्ट्रीय स्मारक के मॉडल का भी अनावरण करेंगे।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृति का सम्मान करने के लिए, 2018 में द्वीप की अपनी यात्रा के दौरान रॉस द्वीप समूह का नाम बदलकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप कर दिया गया था। नील द्वीप और हैवलॉक द्वीप का भी नाम बदलकर शहीद द्वीप और स्वराज द्वीप कर दिया गया।
देश के नायकों को उचित सम्मान देने की भावना को जारी रखते हुए अब द्वीपसमूह के 21 सबसे बड़े द्वीपों का नामकरण 21 परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर करने का निर्णय लिया गया है। सबसे बड़े द्वीप का नाम पहले परमवीर चक्र पुरस्कार विजेता के नाम पर रखा जाएगा, दूसरे सबसे बड़े द्वीप का नाम दूसरे परमवीर चक्र पुरस्कार विजेता के नाम पर रखा जाएगा। इसी तरह कुल 21 द्वीपों का नाम 21 परमवीर चक्र पुरस्कार विजेताओं के नाम पर रखा गया है।