Friday, April 19, 2024

CG में 3 नए जिलों में कलेक्टर और SP की हुई पदस्थापना ; मोहला-मानपुर-अंबागढ़ का कल व सारंगढ़-बिलाईगढ़ और खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई का 3 सितंबर को होगा शुभारंभ : पढ़िए डिटेल

रायपुर : राज्य सरकार ने नए जिलों के एसपी और कलेक्टर तय कर दिए हैं। राज्य सरकार ने तीनों नए जिलों (मोहला-मानपुर-अंबागढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई) का नक्शा जारी कर शुभारंभ तिथि की भी घोषणा कर दिया है। सरकार की तरफ से गुरुवार की शाम जारी किए गए आदेशों के मुताबिक जगदीश सोनकर को खैरागढ़ छुई खदान गंडई का कलेक्टर बनाया गया है। एस जयवर्धन को मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी और डी राहुल वेंकट को सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले का कलेक्टर बनाया गया है।

नए आईपीएस अधिकारियों को इन जिलों में बतौर एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य शासन के आदेश के मुताबिक राजेश कुकरेजा को पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ बिलाईगढ़, अंकिता शर्मा को जिला खैरागढ़ छुई खदान गंडई का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। येदूवेल्ली अक्षय कुमार को जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को 2 सितंबर से मिलेगी नई पहचान

मोहला-मानपुर- अंबागढ़ चौकी जिला राजनांदगांव जिले से अलग होकर एक नये प्रशासनिक इकाई के रूप में पहचान बनाने जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इस क्षेत्र को जिला बनाने की ऐतिहासिक घोषणा के बाद मोहला-मानपुर- अंबागढ़ चौकी के सुदूर वनांचल क्षेत्रों तक हर्ष व्याप्त है। यह क्षेत्र लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहा है। नया जिला बन जाने से शासन-प्रशासन इन क्षेत्रों में और निकट तक पहुंचेगा और विकास कार्यों की गति बढ़ेगी। शासन के प्रयासों से इन क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्यान्न, रोड कनेक्टिविटी के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं। नया जिला बन जाने से इन क्षेत्रों की तस्वीर बदलेगी। यह क्षेत्र प्राकृतिक वन संपदा से परिपूर्ण है। यहां के सघन वनों में लघुवनोपज प्रचुर मात्रा में है। मोहला-मानपुर क्षेत्र जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला एक नये नक्शे के साथ 2 सितंबर को आकार ले लेगा।

नवीन जिले की भौगोलिक सीमाएं उत्तर में जिला राजनांदगांव के तहसील छुरिया, दक्षिण में तहसील दुर्गकोंदल, पखांजुर जिला कांकेर, पूर्व में तहसील डौंडी, डौंडी लोहारा जिला बालोद एवं पश्चित में महाराष्ट्र की सीमा से लगी हुई है। नवीन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी दुर्ग संभाग के अंतर्गत होगा। नवीन गठित इस जिले में तहसीलों की संख्या 3 है जिसमें अम्बागढ़ चौकी, मोहला एवं मानपुर है। विकासखण्ड एवं जनपद पंचायत – अम्बागढ़ चौकी, मोहला एवं मानपुर है।

3 सितम्बर से अस्तित्व में आयेगा प्रदेश का 30 वां जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़

छत्तीसगढ़ बनने के बाद से ही रायगढ़ जिला में शामिल सारंगढ़ क्षेत्र और बलौदाबाजार के बिलाईगढ़ क्षेत्र के निवासियों की बरसों से मांग थी कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ एक नया जिला बने। 3 सितम्बर को भूपेश बघेल सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला का शुभारंभ कर वहां के निवासियों के सपने को साकार करेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 15 अगस्त 2021 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नये सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गठन की घोषणा की थी।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ के नया जिला बन जाने से शासन-प्रशासन की लोगों तक पहुंच और मजबूत होगी जिससे इन क्षेत्रों में विकास कार्यों को तीव्र गति मिलेगी। जिला मुख्यालय सारंगढ़ रायगढ़ से रायपुर मुख्य मार्ग सारंगढ़ राष्ट्रीय राज्य मार्ग क्रमांक 200 पर स्थित है। यहां रियासत कालीन समय से हवाई पट्टी स्थित है। जिला मुख्यालय सारंगढ़ छत्तीसगढ़ गठन के पूर्व से तहसील मुख्यालय एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मुख्यालय के रूप में है।

खैरागढ़ स्थित राजा फतेह सिंह खेल मैदान में 3 सितम्बर को  नवगठित जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई का होगा शुभारंभ

खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिला अब राजनांदगांव जिले से अलग होकर एक नए प्रशासनिक इकाई का स्वरूप लेगा। खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिला का क्षेत्र लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। प्रशासनिक विकेन्द्रीकरण होने से शासन-प्रशासन इन क्षेत्रों में जनसामान्य के और निकट पहुंचेगा। इस नए जिले का आगाज 3 सितम्बर को होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर 1 बजे खैरागढ़ स्थित राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के नवगठित 31वें जिले ‘खैरागढ़-छुईखदान-गंडई’ का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे 364 करोड़ 56 लाख रूपए के 95 विकास कार्यो की सौगात भी देंगे। इसके अलावा 213 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 37 लाख 48  हजार रूपए की सामग्री का वितरण करेंगे।

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के बाद नए जिले निर्माण के गठन के लिए राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा जहां जालबांधा को उप तहसील का दर्जा दिया गया। वहीं साल्हेवारा को तहसील का दर्जा देने के लिए राजपत्र में अधिसूचना जारी की गई है। इन कार्यो से जनसामान्य में उत्साह एवं हर्ष व्याप्त है। आने वाले समय में आम जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और इन क्षेत्रों में आमूलचूल परिवर्तन होंगे तथा तीव्र गति से विकास होगा। नया जिला बनने से जनआकांक्षाओं को अभिव्यक्ति मिली है और नई उम्मीद और नई संभावना के रास्ते खुले हैं। खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिला सघन वनों से आच्छादित है और प्रचुर मात्रा में वन संपदा से समृद्ध है।

तीन नए जिलों में कलेक्टरों की पदस्थापना

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के तीन नए जिलों में कलेक्टर की पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया गया है। मोहला-मानपुर अम्बागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में ओएसडी के रूप में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना कलेक्टर के पद पर की गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय द्वारा आज जारी आदेश के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले में भारतीय प्रशासनिक सेवा (2013) के अधिकारी जगदीश सोनकर, मोहला-मानपुर अम्बागढ़ चौकी जिले में भारतीय प्रशासनिक सेवा (2014) के अधिकारी एस. जयवर्धन और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में भारतीय प्रशासनिक सेवा (2015) के अधिकारी डी. राहुल वेंकट को कलेक्टर पदस्थ किया गया है।

तीन नए जिलों में पुलिस अधीक्षकों की पदस्थापना

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के तीन नए जिलों में पुलिस अधीक्षक की पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया गया है। मोहला-मानपुर अम्बागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में ओएसडी (पुलिस) के रूप में कार्यरत भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना पुलिस अधीक्षक के पद पर की गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय द्वारा आज जारी आदेश के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले में भारतीय पुलिस सेवा (2018) की अधिकारी अंकिता शर्मा, मोहला-मानपुर अम्बागढ़ चौकी जिले में भारतीय पुलिस सेवा (2018) के अधिकारी येदुवेल्ली अक्षय कुमार और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में भारतीय पुलिस सेवा (2012) के अधिकारी राजेश कुकरेजा को पुलिस अधीक्षक पदस्थ किया गया है।

spot_img

AAJ TAK LIVE

ABP LIVE

ZEE NEWS LIVE

अन्य खबरे
Advertisements
यह भी पढ़े
Live Scores
Rashifal
Panchang