पेरू 22 जनवरी 2023: पेरू के राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो को पद से हटाए जाने के बाद सरकार के खिलाफ पिछले एक महीने से भारी विरोध प्रदर्शन चल रहा है। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए माचू पिच्चू के प्रसिद्ध प्राचीन खंडहरों को अनिश्चित समय के लिए बंद कर दिया गया है। संस्कृति निदेशालय और माचू पिचू ऐतिहासिक अभयारण्य निदेशालय ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।अधिकारियों ने कहा कि जिन पर्यटकों के पास 21 जनवरी या उसके बाद का टिकट है, वे विरोध प्रदर्शन खत्म होने के एक महीने बाद तक रिफंड का दावा कर सकते हैं।
सरकारी समाचार एजेंसी एंडीना के अनुसार, गुरुवार को सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान उरुबाम्बा-ओलंटायटम्बो-माचू पिच्चू रेलवे के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण अगली सूचना तक ट्रेन सेवाओं को निलंबित करना पड़ा। निलंबित ट्रेन सेवा ने माचू पिच्चू जिले में फंसे 300 विदेशी नागरिकों सहित 417 लोगों को छोड़ दिया।
पेरू में राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो को संसद में महाभियोग चलाकर उनके पद से हटा दिया गया था। उनकी जगह पर उपराष्ट्रपति डीना बोलुआर्टे को देश का नया राष्ट्रपति बनाया गया। इसके बाद पेड्रो को हिरासत में भी ले लिया गया। इसको लेकर पूर्व राष्ट्रपति के समर्थक उग्र हो गए। उन्होंने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।प्रदर्शनकारी बोलुआर्टे के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसके साथ, वे यह भी चाहते हैं कि संसद भंग हो और नए चुनाव हों। इस हिंसा प्रदर्शन के चलते अब तक 55 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। पुलिस हर तरह से इसे रोकने में जुटी है। संघर्ष के दौरान दक्षिण क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी की मौत भी हो गई है।