बिलासपुर: रेलवे के पांच कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह रेलवे की ओर से इनाम है। इसे केवल इसलिए दिया गया क्योंकि इन कर्मचारियों ने संरक्षा का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटना को होने से बचा लिया। रेलवे संरक्षा के प्रहरिया को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह की पहल करती है। इससे न केवल उन्हें प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि उनका मनोबल भी बढ़ता है। अन्य कर्मचारियों में भी सजगता आती है।संरक्षित रेल परिचालन रेलवे प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से संरक्षा से संबंधित विभिन्न् जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करते हुए संरक्षा सुनिश्चित करने में सराहनीय योगदान देने वाले संरक्षा प्रहरियों को संरक्षा पुरस्कार भी प्रदान किया जाता है।
इसी के तहत पिछले दिनों ड्यूटी के दौरान हाट एक्सल, रेल फ्रेक्चर की पहचान तथा असामान्य परिस्थिति को भांपते हुए सजगता के साथ कार्य कर संभावित दुर्घटना को टालने एवं संरक्षित रेल परिचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कोरबा के लोको पायलट अमित कुमार गुप्ता, असिस्टेंट लोको पायलट एके मौर्या, हिमगीर के ट्रैकमेंटेनर भीमसेन बिरुवा, सहायक कैरेज एवं वैगन अभिषेक कुमार तथा बीसीएन डिपो के टेक्नीशियन मनोज कुमार को संरक्षा पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
इन सभी को पुरस्कार अर्जित करने के लिए बिलासपुर स्थित रेल मंडल कार्यालय बुलाया गया। जहां सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पांडेय के हाथों उन्हें पुरस्कार से नवाजा गया। सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित थी। इसी दौरान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा उनकी उत्कृष्ट व संरक्षित भरे कार्य के लिए पीठ भी थपथपाई। साथ ही कहा कि इसी तरह उत्साह के साथ भविष्य में भी कार्य करते रहे। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्याम सुंदर, देवराज सहित सभी शाखाधिकारी उपस्थित रहे। सभी सम्मानित होने वाले कर्मचारियों को हौसला बढ़ाया।