दुबई 24 जनवरी 2023: दुबई में आत्मनिर्वासित तीन गुप्ता बंधुओं में से एक अतुल गुप्ता की दक्षिण अफ्रीकी सरकार से नया पासपोर्ट पाने की कोशिश नाकाम हो गई क्योंकि उच्च न्यायालय ने अपने फैसले में कहा कि वह दक्षिण अफ्रीकी पासपोर्ट के लिए योग्य नहीं है। अतुल, अजय और राजेश गुप्ता पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जूमा के साथ करीबी संबंधों का लाभ उठाते हुए अरबों रुपये की धोखाधड़ी का मामला चल रहा है।
प्रिटोरिया उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को फैसला सुनाया कि अतुल गुप्ता दक्षिण अफ्रीकी पासपोर्ट के लिए योग्य नहीं है क्योंकि वह भगोड़ा है।जुमा को 2018 में उनकी सत्तारूढ़ अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस द्वारा राष्ट्रपति पद से बेदखल किए जाने के बाद गुप्ता बंधु और उनके परिवार के सदस्य दुबई भाग गए। उन्हें अमेरिका और ब्रिटेन ने काली सूची में डाल दिया है।
गुप्ता ने 2018 में पासपोर्ट के लिए दुबई स्थित दक्षिण अफ्रीकी वाणिज्य दूतावास से संपर्क किया था। तब उनके खिलाफ प्रत्यर्पण का मामला नहीं चल रहा था। बता दें कि गुप्ता भाई मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं।