Friday, March 29, 2024

​​​​​​​नक्सलियों ने ही फोर्स को जोनागुड़ा में होने की खबर पहुंचाई, U शेप में छिपे थे; गुरिल्ला जोन में इकट्‌ठे पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग की

  • तर्रेम क्षेत्र के सिलगेर के जंगल में एक दिन पहले भी हुई थी मुठभेड़, एक महिला नक्सली का शव बरामद
  • CRPF, DRG, STF और कोबरा बटालियन के 2000 जवान निकले थे सर्चिंग पर, बैकअप फोर्स रवाना

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर में शनिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 24 जवान शहीद हो गए। शहीदों में DRG के 8, STF के 6, कोबरा बटालियन के 9 और बस्तर बटालियन का एक जवान शामिल है। स्पेशल DG नक्सल ऑपरेशन अशोक जुनेजा ने शहीद जवानों की पुष्टि की है। मुठभेड़ में 31 जवान घायल भी हुए हैं। लापता जवानों को एयरफोर्स की मदद से रेस्क्यू कर लिया गया है। मुठभेड़ में 9 नक्सलियों के भी मारे जाने का दावा किया जा रहा है। एक महिला नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है।

ऐसे हुआ फोर्स पर हमला

तर्रेम क्षेत्र के सिलगेर के जंगल में जोनागुड़ा के पास CRPF की कोबरा, बस्तरिया बटालियन, DRG और STF के करीब 2000 जवान पिछले दो दिनों से अलग-अलग ऑपरेशन पर निकले हुए थे। शनिवार सुबह फोर्स को सूचना मिली कि जोनागुड़ा के पास नक्सलियों का जमावड़ा है। पहले भी यहां सैटेलाइट तस्वीरों में कुछ हलचल दिखाई दे रही थी। यह सूचना फोर्स के पास आई तो जोनागुड़ा का ऑपरेशन अधिकारियों ने प्लान किया। इसके बाद सभी तरह की फोर्स, जो उस समय आसपास के जंगलों में सर्चिंग कर रही थी, उसे मैसेज दिन जाने लगे कि वो जोनागुड़ा की ओर बढ़े।

बस्तर के विशेषज्ञों के मुताबिक जोनागुड़ा का एक इलाका गुरिल्ला वार जोन के अंतर्गत आता है। इसमें गुरिल्ला वार अर्थात छिपकर हमले की रणनीति ही कारगर होती है। यहां कभी भी एक साथ फोर्स नहीं जाती, छोटी-छोटी टुकड़ियों में जाती है। लेकिन सभी फोर्स को इनपुट मिल रहे थे कि नक्सली यहां है, लिहाजा एक के बाद एक फोर्स की टुकड़ियां यहां पहुंचती रहीं। पहले से U शेप में घात लगाकर बैठे नक्सली इसी इंतजार में थे। फोर्स जैसे ही इस जोन में बड़ी संख्या में घुसी, एंबुश में फंस गई। नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। मुठभेड़ करीब 5 घंटे चली। नक्सली ऊपरी इलाकों में थे, फोर्स के एंट्रेंस पर नजर रखे हुए थे, लिहाजा उन्होंने फौज का बड़ा नुकसान किया। कुछ जवानों ने यहां से लगे गांव की ओर पोजिशन के लिए वहां जाने की कोशिश की, लेकिन नक्सलियों ने वहां भी उनका पीछा कर फायरिंग की। नक्सली हमला कर हथियार, सामान लूटते गए और पीछे जंगलों में भागते गए।

शहीद जवानों की बस्तर IG ने की पुष्टि, कहा- स्थिति स्पष्ट होने में समय लगेगा
बस्तर IG पी सुंदरराज ने शहीद जवानों की पुष्टि की है। उनके नाम अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक 9 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, जबकि 15 से ज्यादा घायल हैं। स्थिति स्पष्ट करने में और समय लग सकता है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि घटनास्थल पर 250 से ज्यादा नक्सली हो सकते हैं। इनका मूवमेंट अभी भी बना हुआ है। वहीं कुछ लापता जवानों के परिजन भी सामने आए हैं।

spot_img

AAJ TAK LIVE

ABP LIVE

ZEE NEWS LIVE

अन्य खबरे
Advertisements
यह भी पढ़े
Live Scores
Rashifal
Panchang