बैंगलोर 24 जनवरी 2023: कर्नाटक में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे को घेरने में जुटी हैं।विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय दल, सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस, भ्रष्टाचार को लेकर विवाद में उलझे हुए हैं। कांग्रेस ने सोमवार को बेंगलुरु में 300 से अधिक स्थानों पर भाजपा द्वारा भ्रष्टाचार की निंदा करते हुए ‘भ्रष्टाचार रोको बेंगलुरु बचाओ’ मौन विरोध प्रदर्शन किया।
कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रदेश अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार और विपक्ष के नेता सिद्धारमैया ने पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा द्वारा कथित रूप से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को लेकर मौन विरोध किया।शिवकुमार ने आरोप लगाया कि बेंगलुरु गड्ढों की राजधानी बन गया है और शहर में परियोजनाओं की गुणवत्ता औसत दर्जे की है। गड्ढों के कारण कई मौतें हुई हैं और सत्तारूढ़ भाजपा पूरी तरह विफल रही है।
भाजपा ने कांग्रेस की निंदा की और पार्टी को ‘गंगोतरी ऑफ करप्शन’ करार दिया और विपक्ष के नेता सिद्धारमैया के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई।जेपी नेता ने कहा कि पूर्व सीएम सिद्धारमैया के खिलाफ 65 मामले थे लेकिन उनकी जांच करने के बजाय उन्होंने अपनी सरकार में लोकायुक्त को ही हटा दिया था। नारायणस्वामी ने कहा कि कम से कम 10 मामलों में एंटी करप्शन ब्यूरो ने सरकार को क्लीन चिट दी थी। हम चाहते हैं कि अब बचे हुए 50 मामलों की भी जांच होनी चाहिए। इससे पहले कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने आरोप लगाया था कि कैग की रिपोर्ट में बताया गया है कि सिद्धारमैया-कांग्रेस सरकार में 35 हजार करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितता बरती गई।