Friday, March 29, 2024

मंगलसूत्र और झूमके के बदले थमा दी थर्माकोल:जेवर बदलकर डबल सोना देने का झांसा

बिलासपुर में एक महिला से ठगी करने वाली तीन महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। महिला खरीदारी करने मार्केट गई थी। तभी रास्ते में तीन महिलाएं उन्हें चुपके से गली में ले गईं और उनके सोने के गहनों को डबल करने के साथ ही बदले में पैसे देने का झांसा देकर उतरवा लीं। फिर रुमाल में गहने और रुपए देने का झांसा देकर चंपत हो गईं। महिला जब घर पहुंचकर रुमाल खोलकर देखी, तब उसमें थर्माकोल के टुकड़े मिले। महिला की शिकायत पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश कर रही है। पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जूना बिलासपुर के पचरीघाट स्थित मनोहर होटल के पास रहने वाली निर्मला साहू (50) गृहणी हैं। बीते शुक्रवार की शाम वे खरीदारी के लिए शनिचरी बाजार गईं थीं। तभी बाजार में प्रिंस बेकरी के पास तीन महिलाओं ने उन्हें रोक लिया और उनसे सटकर खड़ी होकर बातचीत करने लगीं। इसके बाद महिलाएं उन्हें लेकर खाटू श्याम मंदिर के सामने स्थित बंगाली जर्दा दुकान के पीछे गली में ले गईं।

महिला को सोना डबल करने और पैसे देने का दिया झांसा
तीनों महिलाएं निर्मला को बरगलाते गली में धीरे-धीरे बात करने लगीं और कहा कि वो सोने को डबल करके देती हैं। उन्हें भी मंगलसूत्र और झूमका के बदले में डबल सोना मिल जाएगा और बदले में पैसे भी मिलेंगे। निर्मला उनके झांसे में आ गई और गले में पहनीं सोने का झुमका व मंगलसूत्र निकाल कर उन्हें दे दी। इसके बदले महिलाओं ने एक रुमाल उन्हें दिया और बताया कि उसमें पैसे और गहने हैं। इसे अभी मत खोलना और घर जाकर देखना। फिर महिलाएं वहां से चंपत हो गई। उनके जाने के बाद निर्मला ने रुमाल खोलकर देख तो उसमें केवल थर्माकोल के टुकड़े निकले। इससे घबराई महिला ने इस घटना की जानकारी अपने परिजन को दी। फिर शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंची। पुलिस ने मामले में धारा 420, 34 के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित महिला निर्मला से पूछताछ की, जिसके आधार पर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस को दो दुकानों से फुटेज मिले हैं, जिसमें दो-दो के ग्रुप में चार महिलाएं चलती हुईं, दिख रही हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि तीन महिलाओं के साथ चौथी महिला भी रही होगी। फिलहाल, फुटेज के आधार पर पुलिस रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित शहर के आउटर में डेरा लगाने वाली महिलाओं की तलाश में जुट गई है।

spot_img

AAJ TAK LIVE

ABP LIVE

ZEE NEWS LIVE

अन्य खबरे
Advertisements
यह भी पढ़े
Live Scores
Rashifal
Panchang