नई दिल्ली 18 जनवरी 2023 : संसद का बजट सत्र इस महीने की 31 तारीख से शुरू हो रहा है। बजट सत्र 31 जनवरी से 6 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान इन 66 दिनों तक चलने वाले इस बजट सत्र में 27 बैठकें होंगी। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि 14 फरवरी से 12 मार्च तक सामान्य अवकाश रहेगा। इस दौरान विभाग संबंधी संसदीय स्थायी समितियां अनुदानों की मांग की जांच और अपने मंत्रालयों तथा विभागों से संबंधित रिपोर्ट तैयार करेंगी।
राज्यसभा सचिवालय ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी है। इसमें कहा गया है, “राष्ट्रपति ने राज्यसभा सदस्यों को मंगलवार 31 जनवरी 2023 को नई दिल्ली में मिलने के लिए बुलाया है। कामकाज की अनिवार्यता को देखते हुए सत्र गुरुवार 6 अप्रैल 2023 को समाप्त होगा।
संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। इसी दिन लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण होगा। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इस सत्र में 27 बैठकें होंगी और बजट के कागजात की जांच के लिए एक महीने के अवकाश के साथ 6 अप्रैल तक चलेगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को केंद्रीय बजट 2023-24 पेश करेंगी।
यह राज्यसभा का 259वां और 17वीं लोकसभा का 11वां सत्र होगा। लोकसभा सचिवालय की एक अधिसूचना में कहा गया है, “सत्रहवीं लोकसभा का ग्यारहवां सत्र मंगलवार 31 जनवरी 2023 को शुरू होगा। सरकारी कामकाज की अनिवार्यताओं के अधीन सत्र गुरुवार 6 अप्रैल, 2023 को समाप्त होने की संभावना है।”