नई दिल्ली 26 जनवरी 2023 : गुरुवार को भारत अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. इस साल मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे. उनके साथ पांच मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा. भारत और मिस्र इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष मना रहे हैं।
बुधवार को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश को संबोधित किया. राष्ट्रपति ने 74वें गणतंत्र की देशवासियों को बधाई देते हुए कहा देश की गौरवगाथा पर हर नागरिक को गर्व है. उन्होंने कहा हम सब एक ही हैं, और हम सभी एक ही हैं. इतने सारे पंथों और इतनी भाषाओं ने हमें विभाजित नहीं किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट में कहा कि गणतंत्र दिवस की ढेर सारी शुभकामनाएं। इस बार का यह अवसर इसलिए भी विशेष है, क्योंकि इसे हम आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान मना रहे हैं। देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए हम एकजुट होकर आगे बढ़ें, यही कामना है।