रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार जनता के बीच क्या काम लेकर जाएगी? केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस सवाल पर सीएम भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। शाह से भेंट करने के बाद एयरपोर्ट के बाद मीडिया से चर्चा में सीएम ने कहा कि दिल्ली के लोग यह जानना चाहते हैं तो जनता से जाकर पूछ लें कि कांग्रेस ने चार साल में क्या किया है। उन्हें क्या-क्या लाभ मिल रहा है। जनता को मालूम है कि चार साल में कांग्रेस ने क्या काम किया है। कांग्रेस भेंट मुलाकात कार्यक्रम भी कर रही है। जनता को सभी योजनाओं का लाभ मिला है। जनता खुद बता रही है।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर सीएम ने कहा, पिछली सरकार में कलेक्टर ऑफिस में लिफ्ट लगता था। अधिकारियों के बंगले में स्विमिंग पूल बनता था। यह सब पिछली सरकार में होता था। हमारी सरकार में सभी योजनाएं जनता के लिए है। डबल इंजन की सरकार पर सीएम बोले, डबल इंजन की सरकार को हिमाचल वालों ने इंकार कर दिया। डबल इंजन की सरकार फेल हो चुकी है। चलने वाली नहीं है। यह सब जान चुके हैं। वे ओपीएस लागू नहीं कर पाए। किसानों को धान की कीमत नहीं दे पाए।